चित्तौड़गढ़ : आजोलियाँ का खेड़ा के लिए गर्व का क्षण तब आया, जब गांव के होनहार युवा संपत जाट का चयन साइबर पुलिस में हुआ। चयन के बाद पहली बार गांव पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। गांव के मुख्य मंदिर परिसर में आयोजित स्वागत समारोह में युवा साथियों, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने फूल-मालाओं और तालियों के साथ संपत का अभिनंदन किया। पूरे माहौल में खुशी और उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने संपत की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे गांव के लिए प्रेरणास्पद है। खासकर युवाओं में इस उपलब्धि से नया जोश और आत्मविश्वास देखने को मिला है। कई युवाओं ने भी भविष्य में इसी तरह की सफलता हासिल करने का संकल्प लिया।
संपत ने इस सम्मान के लिए सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता उनके परिवार, शिक्षकों और गांव के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने युवाओं को मेहनत और लगन से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा दी। गांव में इस तरह की उपलब्धि से न केवल खुशी का माहौल है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ी के लिए एक सकारात्मक संदेश भी बन गया है।
