जिला कलक्टर डॉ. मन्जू ने समर्थन मूल्य खरीद एवं एलपीजी आपूर्ति की समीक्षा की

छाया-पानी की व्यवस्था, गैस वितरण में पारदर्शिता और पीएनजी नेटवर्क विस्तार के दिए निर्देश

चित्तौड़गढ़, 6 अप्रेल /जिला कलक्टर डॉ. मन्जू ने सोमवार को कलेक्ट्रेट के समिति कक्ष में आयोजित बैठक में जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद एवं एलपीजी वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में एलपीजी के स्टॉक, वितरण व्यवस्था तथा शहर में पीएनजी नेटवर्क के विस्तार को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण ओटीपी एवं विभागीय निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया जाए। व्यवसायिक सिलेंडरों का वितरण पहले अस्पताल एवं अन्य आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए किया जाए तथा शेष सिलेंडरों का वितरण जिला स्तरीय सतर्कता समिति के निर्देशानुसार किया जाए। उन्होंने ऑयल कंपनियों के नोडल सेल्स ऑफिसर को श्रमिकों के लिए 5 किलो के गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा इस संबंध में की गई कार्यवाही की रिपोर्ट जिला स्तरीय सतर्कता समिति के नोडल अधिकारी अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू-अ.) को भेजने को कहा।बैठक में एलपीजी की उपलब्धता, नियंत्रण कक्ष संचालन एवं आगामी दिनों में होने वाले विवाह आयोजनों के मद्देनजर गैस वितरण की पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नीति बनाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही शहर में पीएनजी नेटवर्क के विस्तार के लिए कंपनी के प्रबंधक को आगामी 10 दिनों में लक्षित कनेक्शन जारी करने तथा प्रस्तावित क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने व कनेक्शन देने का कार्य एक माह में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसकी दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा गया।बैठक में जिला कलक्टर ने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद की भी समीक्षा की। जिले में कुल 19 खरीद केंद्र संचालित हैं, जिनमें भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के 13, राजफेड के 2 तथा नेफेड के 4 केंद्र शामिल हैं। इन केंद्रों पर गेहूं की खरीद 2735 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। जिला कलक्टर ने मंडी सचिव को निर्देश दिए कि सभी खरीद केंद्रों पर किसानों के लिए छाया व पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।उन्होंने एफसीआई, राजफेड एवं नेफेड के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि गेहूं खरीद कार्य सुचारु रूप से संचालित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल संबंधित उपखंड अधिकारी को अवगत कराया जाए। साथ ही जिले में लस्टर लॉस व कमजोर दाने से संबंधित समस्याओं तथा बड़ीसादड़ी एवं डूंगला ब्लॉक के कुछ राजस्व ग्रामों के ऑनलाइन डाटा से जुड़ी समस्याओं को विभाग को भेजने के निर्देश दिए।जिला कलक्टर ने कृषि एवं उद्यान विभाग की योजनाओं की समीक्षा कीजिला कलक्टर डॉ. मन्जू ने कलेक्ट्रेट के समिति कक्ष में कृषि एवं उद्यान विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उप निदेशक उद्यान द्वारा जिले के कुल कृषि क्षेत्रफल, खरीफ एवं रबी की प्रमुख फसलों, उद्यानिकी फसलों एवं उनके उत्पादन की जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही खरीफ 2026 की बुवाई कार्ययोजना तथा उर्वरक एवं बीज की मांग के संबंध में भी अवगत कराया गया।जिला कलक्टर ने उर्वरकों के वितरण पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए तथा विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि अधिकाधिक कृषक इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू-अ.), जिला रसद अधिकारी, कृषि अधिकारी, मंडी सचिव, उप-रजिस्ट्रार को-ऑपरेटिव, ऑयल कंपनी के सेल्स ऑफिसर, पीएनजी कंपनी के प्रबंधक तथा एफसीआई, राजफेड और नेफेड के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *